अतर्रा(बांदा)। मौरंग खदान जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार महिला और उसकी आठ वर्षीय बेटी व भाई गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूटी में आग लगने से वह जल गईं।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के भागवत नगर निवासी संजय ने बताया कि उसकी पत्नी अहिल्या (30) अपने भाई सुरेंद्र (24) व बेटी यशि (8) के साथ अतर्रा से पथरा गांव जा रही थीं। गुरुवार दोपहर मौरंग लेने तेराब खदान जा रहे खाली ट्रक ने तेराब गांव के पास स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी में भी आग लग गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। घायल महिला और उसकी आठ वर्षीय बेटी को ग्रामीणों और पुलिस ने एंबुलेंस से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
हादसे के बाद ट्रक चालक और क्लीनर वाहन छोड़कर भाग निकले। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की कोशिश की और खदान संचालकों पर दबंगई का आरोप लगाया। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम राहुल द्विवेदी, सीओ प्रवीण कुमार व नायब तहसीलदार शिवम कुमार ने लोगों को समझाया। सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि घायल बच्ची के मामा रामप्रताप की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।