बांदा। जिले में शनिवार को डूबने की दो घटनाएं सामने आईँ। एक ओर पिता के साथ नदी में नहाने गया किशोर गहरे पानी में डूब गया। दो घंटे तक चली तलाश के बाद शव बरामद किया गया। वहीं शहर के नवाब टैंक में नहाते समय एक युवक डूबने लगा, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया।
शहर कोतवाली के क्योटरा मुक्तिधाम निवासी राजेंद्र सिंह शनिवार सुबह अपने 14 वर्षीय इकलौते बेटे अंशू के साथ नदी में नहाने गया था। नदी के पास पहुंचने पर राजेंद्र कुछ दूरी पर शौच के लिए रुक गया, जबकि अंशू नहाने के लिए नदी में उतर गया। कुछ देर बाद जब पिता नदी किनारे पहुंचे तो बेटा दिखाई नहीं दिया। नहाने के बाद जब राजेंद्र घर पहुंचे तो अंशू वहां भी नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर वह दोबारा नदी किनारे पहुंचे, जहां बेटे के कपड़े रखे मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मटौंध थाना प्रभारी दीपेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और नाव की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे तक चली तलाश के बाद किशोर का शव नदी से बरामद कर लिया गया। बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
वहीं शहर कोतवाली क्षेत्र के नरैनी सड़क स्थित नवाब टैंक में नहाते समय 20 वर्षीय महेश्वरी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। तालाब में मौजूद अन्य लोगों ने उसे संघर्ष करते देखा तो तत्काल पानी से बाहर निकाल लिया। बाद में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई है।