बांदा। भाभी ने नल से पानी भरकर लाने के लिए कहा तो किशोर ने मना कर दिया। इस पर मामूली तकरार हो गई। इससे तैश में आए किशोर ने फंदा लगाकर जान दे दी।
गिरवां थाना क्षेत्र के जमरेही गांव निवासी बुद्ध विलास आरख (15) ने मंगलवार की दोपहर कमरे में धोती से छप्पर की धन्नी से फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद भाई रमेश मजदूरी करके लौटा तो उसे फंदे से लटका पाया। पोस्टमार्टम हाउस में बड़े भाई उदय प्रसाद ने बताया कि वह मां चुन्नी को लेकर खुरहंड स्थित बैंक में केवाईसी कराने गया था। घर में उसकी पत्नी सोनम थी।
बताया कि सोनम ने बुद्धविलास से नल से पानी भरकर लाने के लिए कहा। इसी को लेकर मामूली कहासुनी हो गई। इस पर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। पांच तक पढ़े था। पिता छोटू आरख की छह साल पहले बीमारी से निधन हो चुका है। वह सब भाई मजदूरी करते थे। गिरवां थानाध्यक्ष राधाकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि देवर-भाभी में मामूली कहासुनी के चलते फंदा लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।