फोटो- 07 दुकान में लगी आग पर काबू पाने के लिए प्रयास करते पुलिस व ग्रामीण। संवाद
- फोटो : reasi news
बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के शादी मदनपुर चौराहे पर बीती रात एक परचून और नाश्ते की दुकान में आग लग गई। देर रात करीब 11 बजे अचानक उठी लपटों ने देखते ही देखते पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान के मालिक धर्मेंद्र निषाद ने बताया कि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उसने बताया कि दुकान में रखा हजारों का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। धर्मेंद्र ने बताया कि वह अपने परिवार का भरण-पोषण इसी दुकान के सहारे करता था। ऐसे में दुकान जलने से उसे भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है। थाना प्रभारी अनूप दुबे ने बताया कि पुलिस, ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की संयुक्त मदद से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया। यदि आग कुछ और देर तक भड़कती रहती तो पास की अन्य दुकानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था।