फोटो - 17 आग बुूझाने का प्रयास करते स्थानीय लोग। संवाद
कमासिन। सोमवार की देर रात कस्बे के एक सर्राफा व्यवसायी के मकान में आग लग गई। आग की लपटों को देख परिजन जान बचाने को छत से पड़ोसी के यहां कूद गए। करीब चार घंटों तक दो खंड का भवन धूं-धूं कर जलता रहा। आग से गृहस्थी का सामान, नकदी व जेवर सहित अन्य जलकर नष्ट हो गए।
थानाक्षेत्र के राजापुर सड़क स्थित रमा ज्वैलर्स की दुकान में सोमवार की देर रात करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकानदार वीरेंद्र सोनी उर्फ बच्चा ने बताया कि वह परिवार के साथ ऊपरी खंड में बने आवास में सो रहे थे। इसी दौरान नीचे के हिस्से में आग लगी। बताया कि धुएं की गंध के कारण पत्नी सोनू देवी ने नीचे आकर खिड़की से देखा। अंदर सारा सामान जल रहा था। उन्होंने तत्काल ऊपर आकर घटना की जानकारी दी।
बाद में वह पत्नी व बच्चों के साथ पड़ोसी की छत पर पहुंचे और जान बचाई। बताया कि शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए और आग बुझाने का प्रयास किया। आग की बेकाबू होती लपटों को देखकर दमकल को सूचना दी गई। दमकल कर्मी करीब तीन घंटे तक आग बुझाने का प्रयास करते रहे। उन्होंने बताया कि आग से दुकान व घर में रखी नकदी, सोने चांदी के जेवर व स्कूटी और गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है। साथ ही मकान में भी दरारें आ गईं हैं।
फोटो - 17 आग बुूझाने का प्रयास करते स्थानीय लोग। संवाद