तिंदवारी। थानाक्षेत्र के मिरगहनी गांव स्थित एक घर में स्मार्ट मीटर से निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे घर में रखा दैनिक उपयोग व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। गांव निवासी वंदना सिंह ने बताया कि रात करीब 11 बजे घर में लगे स्मार्ट मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ और इससे आग भड़क उठी। घर के छप्पर में उठ रहीं आग की लपटों को देखकर पड़ोसियों ने जानकारी दी। बाद में इसकी जानकारी फायर ब्रिगेड को दी गई। बताया कि उनके पति रामनरेश परदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। वह घर में बहू के साथ सो रही थी। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल चलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़िता ने बताया कि घर में रखा दैनिक उपयोग का सामान, कपड़ा, चारपाई, बर्तन, अनाज,भूसा, नकदी व सहित सब जलकर नष्ट हो गया। समाजसेवी विमल द्विवेदी ने पीड़ित की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन से आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की है। (संवाद)