बांदा। हमउम्र बच्चों के साथ रविवार की शाम छह वर्षीय बालक खेलने गया था। पैर फिसलने से नाले में डूबकर मौत हो गई।
गिरवां थाना क्षेत्र के रहुसत तेदुंही गांव निवासी रामकेश ने बताया कि पौत्र अनिल कुमार (6) शाम करीब पांच बजे बच्चों के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित गड़रा नाला के पास खेलने गया था। पैर फिसलने से वह गड़रा नाले में डूब गया। बच्चों ने परिजनों को बताया तो उसकी नाले में तलाश की गई। करीब 50 मीटर दूर उसका शव फंसा हुआ मिला।
बाबा ने बताया कि अनिल के पिता राकेश कुमार हरियाणा में रहकर मजदूरी करते हैं। घर में मां सोना है। दो पुत्र व एक पुत्री में दूसरे नंबर का था। गिरवां थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
इनसेट...
वृद्ध किसान की नहर में डूबकर मौत
बांदा। नहर किनारे लघुशंका करने गए वृद्ध किसान की पैर फिसलने से डूबकर मौत हो गई। नरैनी कोतवाली के नौहाई गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि बाबा रामनारायण (86) रविवार की दोपहर करीब तीन बजे कच्ची सड़क तिराहे पर गए थे। वहां से निकली नहर के पास लघुशंका करने चले गए। पैर फिसलने से नहर में गिरकर डूब गए। कुछ देर बाद शव पानी में उतराता देख ग्रामीणों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। नरैनी इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।