अतर्रा। नगर पालिका परिषद सभागार में बुधवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभासदों ने 37 करोड़ 77 लाख रुपये का आय-व्यय का बजट ध्वनिमत से पारित किया। बजट बैठक के दौरान आय-व्यय के खर्च का ब्योरा पेश भी किया गया। बजट सभी 25 सभासदों की सहमति से पारित किया गया।
बैठक में चेयरमैन संगीता निराला व एसडीएम/ईओ राहुल द्विवेदी ने कहा कि नगर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रहेगा। बुधवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में पालिका अध्यक्ष संगीता निराला की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक शुरू हुई। एसडीएम/ईओ राहुल द्विवेदी ने बोर्ड बैठक की कार्रवाई पेश की। इसके बाद निर्वाचित सभी 25 सभासदों ने ध्वनिमत से बजट पारित किया।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए 37 करोड़ 77 लाख रुपये धनराशि पालिका के गृहकर, 26 मदों से प्राप्त शुल्क के अलावा शासन द्वारा मिलने वाली धनराशि से आय होगी। जिसमें व्यय के तौर पर 83 लाख 36 हजार वेतन, पेंशन, 29 लाख रुपये प्रकाश व्यवस्था समेत सड़क, नाला-नाली निर्माण व तालाब पोखर सुंदरीकरण, साफ-सफाई में 37 करोड़ 77 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बैठक में सभासद राजकिशोर वाजपेयी, अमन गुप्ता, विष्णुदेव तिवारी, राजेंद्र चौरसिया, स्वप्निल गुप्ता, उमा चतुर्वेदी, सुधाकर द्विवेदी, पालिका के लिपिक शिवचरण बाजपेई, संतोष निगम आदि मौजूद रहे।