बांदा। इंडिका कार और रोलर की आमने-सामने हुई भिड़ंत में कार सवार वृद्ध की मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
रविवार की शाम नरैनी से बांदा आ रही इंडिका कार शहर कोतवाली क्षेत्र के बांधा पुरवा गांव के पास खड़़े रोड रोलर से जा टकराई। भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार पर सवार छोटेलाल (70) पुत्र बाबूलाल निवासी गड़ौली (फतेहपुर) की मौके पर ही मौत हो गई। उसका भतीजा संदीप (20) व दामाद योगेंद्र (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक मृतक और घायल पनगरा (नरैनी) स्थित दिव्य चिकित्सा केंद्र से इलाज कराकर लौट रहे थे।
खप्टिहा कलां। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जसपुरा निवासी अमित सिंह (22) पुत्र ज्ञान सिंह व हरीकिशन सिंह (26) पुत्र भूरा सिंह रविवार को शाम बाइक पर बांदा से गांव जा रहे थे।
अमलोर गांव की पुलिया के पास बाइक गहरी खाईं में जा गिरी। दुर्घटना की खबर मिलने पर चौकी इंचार्ज एसएस शर्मा हमराहियों के साथ घटना स्थल पहुंचे और इसके बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।