बांदा। अंडर-15 के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन ट्रायल हुआ। जनपद स्तरीय चयन में 35 क्रिकेटरों ने प्रतिभाग किया। इसमें 12 खिलाड़ियों को मंडलीय चयन ट्रायल के लिए चुना गया। बाकी 23 प्रतिभागी बाहर हो गए।
स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ व छात्रावास के लिए बेहतरीन क्रिकेटरों के चयन के लिए शनिवार को स्टेडियम में ट्रायल लिया गया। जिला क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा, जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव वासिफ जमां खां, कोच शिवप्रताप सिंह व जीतेंद्र सिंह यादव निर्णायक रहे। उन्होंने ट्रायल में शामिल 15 साल व इससे कम उम्र के बच्चों का फिजिकल व स्किल टेस्ट लिया। एक-एक कर 35 प्रतिभागियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। बढ़िया खेल का प्रदर्शन करने वाले 12 प्रतिभागियों को मंडल चयन ट्रायल के लिए चुना गया। इनमें सलमान हाशमी, अभिषेक यादव, अव्यय गौतम (मानिकपुर), अक्षत नामदेव, अजय यादव, अमित कुमार, दीपेंद्र वर्मा, विकल्प सिंह, पुष्पमित्र त्रिपाठी, मिथलेश कुमार, ऋषभ श्रीवास्तव व धीरेंद्र पटेल शामिल हैं।