बांदा। लगभग एक पखवारे तक चला हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन कार्य खत्म हो गया। 429 परीक्षकों ने एक लाख 24,635 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। हाईस्कूल का मूल्यांकन एक दिन पहले ही खत्म हो गया। इंटर का मूल्यांकन लेट-लतीफ है। इसके 12 मई तक खत्म होने की उम्मीद है।
आदर्श बजरंग इंटर कालेज में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चल रहा था। यह 26 अप्रैल को शुरू हुआ था। हाईस्कूल की सभी कापियां जंच जाने पर बुधवार को मूल्यांकन काम निपट गया। अंतिम दिन गृह विज्ञान की लगभग चार हजार उत्तर पुस्तिकाएं 50 परीक्षकों ने जांचीं। इस केंद्र के उप नियंत्रक मिथलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अनुपस्थित 60 परीक्षकों की सूची डीआईओएस को भेज दी गई है। उधर, जीआईसी में इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। यहां कुल 1,59,235 उत्तर पुस्तिकाएं जांची जानी है। अधिकांश काम निपट गया है। सिर्फ हिंदी, गणित और संस्कृत विषय की लगभग 32 हजार कापियों का मूल्यांकन शेष है। 168 परीक्षकों ने अब तक 1,27,235 कापियां जांची हैं। यहां के उप नियंत्रक अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि शेष 32 हजार कापियां जांचने में लगभग तीन दिन लगेंगे। 12 मई तक मूल्यांकन पूरा हो जाएगा। यहां अनुपस्थित रहे 67 परीक्षकों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक को भेज दी गई है।