बबेरू/कमासिन (बांदा)। अग्निकांड की अलग-अलग घटनाओं में 14 बीघा की फसल और मकान व गृहस्थी खाक हो गई। मकान से सामान निकालते समय गृहस्वामी भी झुलस गया। दमकल कर्मियों ने आग काबू कर आसपास के मकान बचा लिए।
तहसील क्षेत्र के अनवान गांव में निरंजन मौर्य के नलकूप के पास खलिहान में गेहूं की फसल रखी थी। मंगलवार की रात आग लगने से खलिहान में रखी निरंजन व पवन पुत्रगण चंद्रभूषण मौर्य, फतेहबहादुर पुत्र कमतू और दरबारी लाल पुत्र चंद्रपाल की 14 बीघा की फसल खाक हो गई। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू कर पास के खलिहान बचा लिए। लगभग एक लाख रुपए की फसल राख हो गई। उधर, सांडासानी गांव में सोमवार की रात रंजीत यादव के मकान में आग लग गई। तेज हवा ने आग भड़काने में घी का काम किया। कुछ ही देर में मकान से आग की लपटें उठने लगीं।
मदद के लिए तमाम ग्रामीण आग बुझाने पहुंच गए। थानाध्यक्ष शिवमिलन भी पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। ग्रामीणों के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश शुरु कर दी। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही पूरा मकान खाक हो गया। मकान से सामान निकालते समय गृहस्वामी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। लगभग एक लाख रुपए की क्षति का अनुमान है।