बांदा। जेल में बैडमिंटन खेलते समय चुटहिल हो गए शीलू रेप केस के आरोपी पूर्व विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी चोट दुरुस्त होने के बाद अब जेल में योगासन सीख रहे हैं। उनके साथ जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी की हत्या के आरोपी जयराम सिंह भी अभ्यास कर रहे हैं।
पूर्व विधायक श्री द्विवेदी पिछले करीब 15 माह से जेल में हैं। पिछले माह बैडमिंटन खेलते समय गिर जाने से हाथ में फ्रैक्चर हो गया था। जिला अस्पताल में भर्ती रहे। कुछ दिन पहले ही उनकी चोट दुरुस्त हुई है। पूर्व विधायक ने अब योग सीखने का मन बनाया है। उनका साथ एएमए हत्याकांड के मुख्य आरोपी जयराम सिंह दे रहे हैं। यह दोनों रोजाना सुबह जेल में दो घंटा लगने वाले योग शिविर में शामिल हो रहे हैं। इस शिविर में लगभग 50 बंदी योग सीखते हैं। पूर्व विधायक और जयराम सिंह अपने को चंगा रखने के लिए राजयोग सीख रहे हैं। इस योग से मन और स्वास्थ्य अच्छा रहता है। तनाव भी कम होता है। जेल में रोजाना ब्रह्मकुमारी आश्रम के प्रशिक्षक बंदियों को ज्ञानोपदेश देते हैं। उधर, जेल अधीक्षक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्व विधायक बैरक नंबर 15 में हैं। जबकि जयराम सिंह को उनके बगल की बैरिक में रखा गया है। अधीक्षक ने स्वीकार किया कि दोनों योग सीख रहे हैं।