बांदा। मई दिवस पर गलियों में खूब गूंजे इंकलाब के नारे। कहीं लाल झंडे लहराया तो कहीं मजदूरों ने प्रदर्शन किया। भाकपा और माकपा ने अलग-अलग आयोजन किए। इस मौके पर बिजली और कताई मिल मजदूर मोर्चा ने भी मजदूरों के हक की लड़ाई का आह्वान किया।
मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। कई मजदूर संगठन शिद्दत की गर्मी के बाद भी सड़कों पर अपनी एकजुटता दिखाते रहे। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला कौंसिल और ट्रेड यूनियन व मजदूर संगठन ने संयुक्त रूप से जुलूस निकाला। पीली कोठी स्थित बिजली घर से शुरु हुआ जुलूस कलेक्ट्रेट परिसर में खत्म हुआ। यहां मजदूरों ने मुख्यमंत्री के नाम लिखा गया ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सुपुर्द किया। लाल झंडे और बैनरों से लैस जुलूस में स्वतंत्रता स्मारक अशोक लाट में मई दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कताई मिल मजदूर मोर्चा अध्यक्ष रामप्रवेश यादव, भाकपा सचिव रामचंद्र सरस, सौखीलाल वर्मा, सधारीलाल, महेंद्र पाल, लक्ष्मी प्रसाद वर्मा, डा.केवल दास, छोटा प्रसाद आदि शामिल रहे।
उधर, चिल्ला रोड स्थित कांशीराम कालोनी में मई दिवस पर आम सभा हुई। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश ग्रामीण एवं खेतिहर मजदूर यूनियन की बांदा यूनिट ने किया था। यूनियन जिला संयोजक ज्ञानेश्वर प्रसाद, प्रांतीय महासचिन रामकुमार, भैंरो प्रसाद, जयकरन भाई, सुखलाल बौद्ध आदि ने भी संबोधित किया। राजाराम यादव, देवीदयाल, डा.आरबी वर्मा, आरए निर्मल, रामशरण राठौर, ओमप्रकाश निर्मल, रामप्रताप, कैलशिया आदि शामिल रहे।