बांदा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी कॉलेजों के प्रिंसिपल से कहा है कि इस स्काउट गाइड, रेडक्रास और खेलकूद के फंड को व्यवस्थित तरीके से खर्च करें। इस फंड पर खिलाड़ियों का हक है और उन्हें इसका लाभ मिलना चाहिए। इस मौके पर यह भी जानकारी दी गई कि अतर्रा में जिला स्तरीय खेलकूद 7 नवंबर से शुरू होंगे।
बुधवार को राजादेवी इंटर कॉलेज में जनपद के शासकीय और अशासकीय व वित्त विहीन कालेजों के प्रिंसिपलों की बैठक हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक एनडी वर्मा सरस्वती प्रतिमा पर दीप जलाकर माल्यार्पण किया। इसके बाद प्रिंसिपलों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना हरेक प्रिंसिपल का दायित्व है कि कॉमन पूल बजट/शुल्क का ईमानदारी से बेहतर खर्च हो ताकि खेलकूद में छात्र-छात्राआें को विकास हो सके। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय खेलकूद 7, 8 व 9 नवंबर को तथागत इंटर कॉलेज, अतर्रा में होगी। आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश पांडेय ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से बालक-बालिकाओं में हौंसला बढ़ता है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों से इस दिशा में दिलचस्पी लेकर काम करने को कहा। जीजीआईसी प्रिंसिपल शशिकला सिंह, जेपी शर्मा इंटर कॉलेज, बबेरू प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह ने बैठक में कहा कि खेलकूद के प्रति उदासीनता खत्म कर इसका उत्थान करें। इस मौके पर स्काउट गाइड आयुक्त बाबूलाल गुप्त ने बताया कि स्काउट गाइड व रेडक्रास की जिला स्तरीय प्रतियोगिता 28 व 29 अक्तूबर को सत्य नारायण इंटर कॉलेज, तिंदवारी में होगी। मंडलीय प्रतियोगिता 11, 12 व 13 नवंबर को आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में होगी। बैठक के अंत में मेजबान कालेज के डॉ.प्रमोद कुमार शिवहरे ने सभी को तहे दिल से आभार जताया। इस मौके पर प्रिंसिपल पूजा ओमर भी मौजूद रहीं।