कमासिन। क्षेत्र पंचायत की बैठक में घटिया ड्रेसों का मुद्दा छाया रहा। प्रधानों व सदस्यों ने कार्रवाई की मांग की। बजट के अभाव में 23 ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य ठप होने पर नाराजगी जताई गई।
शुक्रवार को ब्लाक सभागार में ब्लाक प्रमुख महेंद्र सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में बैठक हुई। मनरेगा, विकास समेत आठ बिंदुओं पर चर्चा की गई। खंड विकास अधिकारी रामराज पटेल ने आय-व्यय का ब्योरा पेश किया। मनरेगा की वार्षिक कार्ययोजना के अनुमोदन पर चर्चा की। गांवों में मनरेगा कार्य ठप होने पर प्रधानों ने जमकर कोसा। बीडीओ ने बताया कि 52 में से 23 ग्राम पंचायतों के खाते में मनरेगा का धेला नहीं है। पांच लाख की मांग की गई थी। बजट स्वीकृत न होने पर कार्य प्रभावित हैं।
प्रधान सुमन शुक्ला (लखनपुर), अनिल सिंह (पछौंहा), रमेशचंद्र शुक्ला (सांडासानी) ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को बांटी गई ड्रेसों को घटिया बताया। नाराजगी जताई कि बिना कोटेशन व टेंडर के प्रधानाध्यापक मनमानी कर रहे हैं। कई प्रधानों ने प्रभारी चिकित्साधिकारी के स्थानांतरण की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्ञान सिंह यादव ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वसूली का आरोप लगाया। बैठक में प्रधान सीता देवी (बंथरी), बच्चूलाल यादव (कमासिन), बीडीसी भोंडी प्रसाद, नरेश यादव समेत तमाम प्रधान व सदस्य और कर्मचारी मौजूद रहे।