क्षेत्रीय सेवा योजना कार्यालय में साक्षात्कार के लिए बैठे युवा बेरोजगार।
- फोटो : संवाद
बांदा। क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय में गुरुवार को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें जनपद से 160 युवाओं ने प्रतिभाग किया। तीन कंपनियों ने साक्षात्कार लिया। इनमें चार महिला अभ्यर्थी भी शामिल रहीं। इनमें से 96 युवाओं को नौकरी मिली।
जिला सेवा योजन अधिकारी मोहित जायसवाल की उपस्थिति में रोजगार मेला सुबह दस बजे शुरू हुआ। इसमें नरैनी, बबेरू, अतर्रा सहित शहर के करीब 160 शिक्षित बेरोजगारों ने प्रतिभाग किया। आमदनी प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि नीरज, अथर्व फाउंडेशन रोहित कुमार, माता शक्ति एग्रीकल्चर आर्गेनिक कंपनी के प्रतिनिधि मनोज कश्यप ने बारी-बारी से सभी शिक्षित बेरोजगारों का अलग-अलग पदों के लिए साक्षात्कार लिया। इनमें 96 युवा योग्य पाए गए। इनको नियुक्ति पत्र दिया गया। प्रतिनिधियों ने बताया कि पदों के हिसाब से 15 हजार रुपये से लेकर 28 हजार तक मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा आवास व अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी। हालांकि रोजगार मेले में शामिल चार महिलाओं को मायूसी हाथ लगी। उन्हें नौकरी नहीं मिल पाई।