अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। लखनऊ में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल रोडवेज संविदा कर्मी की एक माह बाद मौत हो गई। गोखरही (तिंदवारी) का नीलांबुज (40) पुत्र ओम प्रकाश परिवार के साथ यहां कर्बला रोड में रहता था। पिछले माह 25 जुलाई को वह पीजीआई, लखनऊ गया था। वहीं रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से बुरी तरह घायल हो गया था।
लखनऊ के सरकारी अस्पताल में उसका इलाज हुआ। लगभग 15 दिन पूर्व परिजन उसे यहां ले आए और जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। रविवार की रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। भाई चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि नीलांबुज यहां रोडवेज में पार्सल कर्मी था। अपने पीछे पत्नी पुष्पा और पांच बच्चे छोड़ गया।