बांदा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के बाद कोरोना की गिरफ्त में अब जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन भी आ गए हैं। उधर, कोरोना का तेजी से बढ़ रहे कारवां में सोमवार को 9 संक्रमितों की इंट्री हुई। इन्हें मिलाकर जनपद में सक्रिय संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है।
कोरोना ने करीब एक हफ्ते पूर्व यहां दस्तक दी है। रोजाना नए संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को स्थानांतरित मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। अगले ही दिन सोमवार को जिला अस्पताल के 59 वर्षीय फिजीशियन भी संक्रमण के शिकार पाए गए। इनके अलावा बांदा शहर में जरैली कोठी निवासी पति-पत्नी सहित ईदगाह रोड, स्वराज कालोनी, कालूकुआं में एक-एक संक्रमित पाया गया है।
अतर्रा और बछेई व कनवारा में भी एक-एक पुरुष की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को कोविड की 2253 जांच की गई हैं। इन्हें मिलाकर अब तक 12 लाख 99 हजार 728 लोगों के जांच नमूने लिए जा चुके हैं। सभी सक्रिय संक्रमितों को उनके घरों पर क्वारंटीन किया गया है।