फोटो 14- नायब तहसीलदार को समस्या बताते शंकर नगर के बासिंदे। संवाद
बांदा। जनशिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए शनिवार को सभी थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिले भर में कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से सिर्फ 18 का ही मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कोतवाली नगर में आयोजित थाना समाधान दिवस में डीएम अमित आसेरी और एसपी पलाश बंसल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद और अन्य राजस्व संबंधी मामलों में पुलिस तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय जांच करे।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने कोतवाली नगर के अलावा थाना गिरवां में भी पहुंचकर राजस्व अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इसी क्रम में सीओ अतर्रा प्रतिज्ञा सिंह ने अतर्रा थाने में पहुंचकर जनसुनवाई की।
सीओ बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बिसंडा थाना पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
रास्ते पर अतिक्रमण हटवाने की मांग
तिंदवारी। थाना क्षेत्र के मोहल्ला शंकर नगर में रास्ते पर अतिक्रमण करने का मामला सामने आया है। शनिवार को समाधान दिवस में लोगों ने अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
आरोप है कि कुछ लोगों ने मार्ग पर पिलर खड़े कर भवन निर्माण शुरू कर दिया है। इससे शंकर नगर और विकास नगर को जोड़ने वाले रास्ते पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। पूर्व सभासद मानसिंह के नेतृत्व में लोगों ने नायब तहसीलदार को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
नायब तहसीलदार धनंजय सिंह ने राजस्व लेखपाल को मौके पर भेजकर तत्काल पैमाइश और सीमांकन कराने के निर्देश दिए हैं। उधर, कुल आठ प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें छह मामले राजस्व विभाग से संबंधित और दो मामले पुलिस विभाग से जुड़े रहे। अधिकारियों ने तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। (संवाद)