बांदा। दो दिवसीय ऑनलाइन शपथ ग्रहण समारोह के पहले दिन जनपद की 370 ग्राम पंचायतों में प्रधान व सदस्यों ने वर्चुअल शपथ ली। शपथ ग्रहण में शासन द्वारा निर्धारित शपथपत्र पढ़ा गया। वर्चुअल शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नेटवर्क की समस्या हावी रही। कुछ ग्राम प्रधान तो मोबाइल से कनेक्ट हो पाए तो कुछ ने रस्म अदायगी की। तीन ग्राम पंचायतों में 26 मई (बुधवार) को शपथ होगी।
जनपद के आठों ब्लाकों में संगठित 373 ग्राम पंचायतों में प्रधान व सदस्यों को 25 व 26 मई को शपथ दिलाई जानी थी। पहले दिन ब्लाक कार्यालयों में नामित अधिकारियों ने कंप्यूटर सेट व मोबाइल के माध्यम से प्रधान व सदस्यों को शपथ दिलाई। बड़ोखर खुर्द ब्लाक में एसडीएम (बांदा) सुधीर कुमार 55 ग्राम प्रधानों सहित सदस्यों को, बिसंडा में तहसीलदार अतर्रा ने 46 प्रधान व सदस्यों, कमासिन में तहसीलदार बबेरू ने 31 ग्राम प्रधान, सदस्यों को, बबेरू में उप जिलाधिकारी ने 45 प्रधान व सदस्यों को, नरैनी में उप जिलाधिकारी ने 66 प्रधान, सदस्यों को, महुआ में उप जिलाधिकारी (अतर्रा) ने 65 प्रधान, सदस्यों को, जसपुरा में तहसीलदार (पैलानी) ने 22 प्रधान, सदस्यों को शपथ दिलवाई।
उधर, तिंदवारी में एसडीएम (पैलानी) ने 40 प्रधान व सदस्यों को सुबह 10 बजे कंप्यूटर व मोबाइल पर वर्चुअल शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कई बार नेटवर्क आड़े आया। तीन ग्राम पंचायतों में शपथ नहीं हो सकी। नरैनी ब्लाक के ग्राम पंचायत शाहपाटन, बिसंडा के ग्राम पंचायत सिकलोढ़ी में नेटवर्क की कमी से प्रधान व सदस्य शपथ नहीं ले सके। कमासिन के ग्राम पंचायत धुंधुई में प्रधान के घर शादी होने के कारण प्रधान व सदस्य शपथ नहीं ले सकें। डीपीआरओ सर्वेश कुमार ने बताया कि यहां 26 मई यानि बुधवार को शपथ दिलाई जाएगी।
ये शपथ लेकर शुरू की प्रधानी
मैं ईश्वर की शपथ लेता हूं। सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखूंगा। मैं भारत की प्रभुता और अखंडता अक्षुण्य रखूंगा और मैं ग्राम पंचायत के प्रधान/सदस्य के रूप में अपने कर्तव्यों का भय या पक्षपात, अनुराग या द्वैष के बिना श्रद्धापूर्वक निर्वहन करूंगा। अत: ईश्वर मुझे सामर्थ प्रदान करें।
पहले दिन 373 में 370 प्रधानों की हुई ताजपोशी---
ब्लाक संगठित पंचायत शपथ ग्रहण
नरैनी 67 66
बड़ोखर खुर्द 55 55
तिंदवारी 40 40
महुआ 65 65
जसपुरा 22 22
कमासिन 32 31
बबेरू 45 45
बिसंडा 47 46
योग 373 370
शपथ ग्रहण के साथ हुई प्रधानों की ताजपोशी
बेंदाघाट/ओरन। दो दिवसीय शपथ ग्रहण समारोह के पहले दिन तिंदवारी विकास खंड की 40 ग्राम पंचायतों में प्रधान व सदस्यों ने वर्चुअल शपथ ली। ग्राम पंचायत अमलीकौर में महिला ग्राम प्रधान कल्पना सिंह को सेक्टर मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार पटेल ने शपथ दिलाई। प्रधान ने शपथ के पश्चात ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि कोरोना से बचाव सहित गांव के विकास व स्वच्छता पर काम करेंगी। सदस्यों का कोरम पूरा न होने से ग्राम पंचायत गरौंती, महुई, खैरेई, नरी, बरेठीकलां, छिरंहुटा, महेंदू, सिंघौली, तारा, दोहतरा, छापर, भुजरख, माटा, धौंसड़, सिंहपुर आदि में प्रधान शपथ नहीं ले सके। उधर, बिसंडा ब्लाक के ग्राम पंचायत सिंहपुर के नवनिर्वाचित प्रधान राममिलन शिवहरे व 15 सदस्यों ने मंगलवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ सेक्टर मजिस्ट्रेट रामफल ने दिलाई। सिंहपुर चौकी इंचार्ज राजेश कुमार कुशवाहा, रोजगार सेवक, शशिकांत त्रिपाठी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीरज कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
सेक्टर मजिस्ट्रेटों की देखरेख में शपथ ग्रहण
बबेरू/नरैनी/बदौसा। ब्लाक क्षेत्र के 45 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को पंचायत भवन में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की देखरेख में प्रधान व सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। एसडीएम महेंद्र प्रताप ने वर्चुअल शपथ दिलाई। इस दौरान नेटवर्क परेशान करता रहा। बीडीओ डा. प्रभात द्विवेदी आदि मौजूद रहे। सदस्यों का कोरम पूरा न होने पर 16 ग्राम पंचायतों में प्रधान शपथ नहीं ले सकें। उधर, नरैनी में 66 ग्राम पंचायतों में शपथ दिलाई गई। बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि शाहपाटन ग्राम पंचायत में कई ग्राम पंचायत सदस्यों के निमंत्रण में चले जाने से शपथ नहीं हो सकी। इन्हें 16 मई को शपथ दिलाई जाएगी। नरैनी ब्लाक की ग्राम पंचायत बदौसा में मंगलवार को नवनिर्वाचित प्रधान सरोज सोनकर सहित सदस्य जयश्री, प्रीती यादव, शकीला बानो, प्रियंका, गणेश प्रसाद, शैलेंद्र सोनकर, राजेश कुमार, विरजू, अनिल कुमार, हीरालाल, कयामुद्दीन, जितेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी वंशराज सिंह ने शपथ दिलाई। पंचायत सचिव योगेश कुमार, रोजगार सेवक हरीशंकर मिश्रा, पूर्व प्रधान रामसनेही सोनकर, मोहम्मद खुर्शीद, छोटेलाल यादव फौजी आदि मौजूद रहे। (संवाद)