ऑनलाइन प्रतिभा सम्मान परीक्षा में शामिल विद्यार्थी।
- फोटो : स्वयं
बांदा। कालीचरण इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी की ओर से रविवार को बुंदेलखंड प्रतिभा सम्मान परीक्षा का आयोजन हुआ। बुंदेलखंड के 10 जनपदों से 7200 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिसमें 6530 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा में भाग लिया।
10वीं, 12वीं (गणित एवं जीव विज्ञान वर्ग) व स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थी शामिल रहे। परीक्षा संयोजक ने बताया कि प्रथम चरण की परीक्षा में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, गणित व सामान्य अध्ययन से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में चयनित विद्यार्थियों का साक्षात्कार जनपदवार निर्णायक मंडल की ओर से लिया जाएगा।
परीक्षा परिणाम की घोषणा 10 जून को होगी। प्रत्येक जनपद से वर्गवार प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा और पुरस्कार वितरण जून माह के अंतिम सप्ताह में केसीएनआईटी परिसर में होगा। विजेताओं को नगद पुरस्कार व छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रमोद अवस्थी, नीरज तिवारी, राघवेंद्र तिवारी समेत टीम सदस्यों का योगदान रहा। (संवाद)