प्रशिक्षण में वीवी पैट के बारे में जानकारियां हासिल करते मतदान कर्मी। संवाद
- फोटो : BANDA
बांदा। पंडित जेएन महाविद्यालय में चल रहे मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण में रविवार को दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में कर्मी गैरहाजिर रहे। अनुपस्थित 62 कर्मियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करते हुए उन्हें सोमवार (31 जनवरी) को प्रशिक्षण में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
दूसरे दिन भी ईवीएम और वीवी पैट आदि के इस्तेमाल की प्रशिक्षकों ने जानकारियां दीं। मतदान कर्मियों से कहा गया कि चुनाव आयोग के नियमों को अच्छी तरह पढ़ व समझ लें। उसका पूरी तरह अनुपालन करें। वृद्धों, दिव्यांगों और महिलाओं को आयोग ने जो रियायतें दी हैं उन्हें मिलनी चाहिए। डीएम अनुराग पटेल ने भी प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और मतदान कर्मियों को कई टिप्स दिए।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संजीव बघेल ने बताया कि दूसरे दिन प्रथम पाली में 1601 से 2400 तक, द्वितीय पाली में 2401 से 3200 तक क्रमांक के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। दोनों पालियों में 31-31 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान 245 कर्मियों को बूस्टर (सतर्कता) डोज लगाई गई।