बांदा। पंडित जेेएन पोस्ट ग्रेजुएट कालेज में शिक्षक दिवस 5 सितंबर को बड़ा बदलाव नजर आएगा। छात्र-छात्राएं निर्धारित ड्रेस में होंगे। महाविद्यालय में मौजूदा सत्र 2017-18 से ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग ड्रेस होगी। बिना ड्रेस के महाविद्यालय में प्रवेश नहीं मिलेगा।
जींस, पैंट, सूट, सलवार, जंपर आदि विभिन्न पोशाकों में महाविद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं पर शासन की मंशा के अनुरूप ड्रेस पहन कर आना अनिवार्य कर दिया गया है। प्राचार्य डा.प्रो.नंदलाल शुक्ल ने बताया कि पांच सितंबर से हरेक छात्र-छात्रा को निर्धारित ड्रेस में ही आना होगा।
वरना उन्हें महाविद्यालय के अंदर दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि अनुशासन समिति समय-समय पर महाविद्यालय और कक्षों में ड्रेस चेकिंग करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि छात्र-छात्राओं के लिए अनुश्रवण समिति भी गठित की गई है।
निर्धारित ड्रेस कोड के मुताबिक छात्रों को चाकलेटी रंग की प्लेन पैंट और प्लेन सफेद शर्ट, काली बेल्ट, सफेद मोजे और काले जूते पहनना होंगे। छात्राओं को चाकलेटी रंग की प्लेन आस्तीनदार ‘वी’ आकार के गले का कुर्ता, सफेद शलवार, सफेद दुपट्टा या चाकलेटी रंग की प्लेन साड़ी और आस्तीनदार सफेद ब्लाउज तथा सफेद मोजे, काले जूते/वैली पहनना होगा।
उधर, राजकीय महिला पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री कालेज में बीए/बीएससी और एमए पूर्वाद्ध में अनुसूचित जाति की रिक्त सीटों पर सामान्य और पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। यह मेरिट के आधार पर होगा। प्राचार्य डॉ.बालकृष्ण पांडेय ने बताया कि यह प्रवेश 29 अगस्त यानी मंगलवार को सुबह 11 बजे से किए जाएंगे। इच्छुक छात्राएं प्रात: 10 बजे प्रवेश समिति के समक्ष उपस्थित रहें।
-शासन की मंशा के मुताबिक अनिवार्य की गई ड्रेस
-5 सितंबर से बिना ड्रेस के नहीं मिलेगा प्रवेश
अमर उजाला ब्यूरो