रोजगार मेले में साक्षात्कार देते युवा।
- फोटो : संवाद
बांदा। क्षेत्रीय सेवा योजन कार्यालय में गुरुवार की सुबह रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 76 युवाओं ने भाग लिया। इनमें 40 को नौकरी मिली तो उनके चेहरों पर चमक आ गई।
रोजगार मेले का आयोजन सुबह दस बजे कार्यालय में किया गया। भीषण लू व तपिश के बावजूद दूर-दराज से 76 शिक्षित युवा बेरोजगार पहुंचे और साक्षात्कार दिया।
मेले में हरियाणा की आमदनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से प्रतिनिधि नीरज कुमार और अथर्व फाउंडेशन (यस ग्रुप) के प्रतिनिधि रोहित ने रजिस्ट्रेशन कराने वाले युवाओं से बारी-बारी साक्षात्कार लिया और उनके शैक्षिक अभिलेख चेक किए।
इस दौरान आमदनी कंपनी में 17 व अथर्व फाउंडेशन में 23 युवाओं को विभिन्न पदों के लिए चयनित किया गया। इस बीच उन्हें नियुक्ति पत्र भी दिए। इससे करीब 40 युवा नौकरी मिलने से खुश हो गए और उनके चेहरों पर मुस्कान नजर आई। इस दौरान क्षेत्रीय सेवा योजन के सहायक निदेशक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।