किसान दिवस पर सम्मानित किसानों के साथ डीएम हीरा लाल व विधायक चंद्रपाल और उप निदेशक कृषि एके सिंह ?
- फोटो : BANDA
बांदा। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर सोमवार को राजकीय मेडिकल कालेज में ऑडिटोरियम हॉल में किसान सम्मान दिवस आयोजित किया गया। इसमें किसानों को उन्नतिशील खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
डीएम हीरा लाल और विधायक चंद्रपाल कुशवाहा ने 40 किसानों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इनमें कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य और दुग्ध विभाग के 8-8 किसान शामिल थे। पहला पुरस्कार के रूप में 7 हजार और द्वितीय पुरस्कार में 5 हजार रुपये दिए गए।
डीएम ने कहा कि खेती को व्यवसायिक कृषि में परिवर्तित कर अपनी आमदनी बढ़ाएं। यह सपना उन्हें खुद साकार करना होगा। अथक परिश्रम करना पड़ेगा। विधायक चंद्रपाल कुशवाहा ने जैविक खेती पर जोर दिया। उप कृषि निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने चौधरी चरण सिंह की जीवनी पर चर्चा की। कृषि विज्ञान केंद्र अध्यक्ष डॉ. श्याम सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी, सीएमओ, उद्यान अधिकारी आदि उपस्थित रहे।