अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। लोडर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। अन्य घटना में ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मरका थाना क्षेत्र के खलरिहा पुरवा निवासी दिनेश (18) पुत्र राममनोहर गुरुवार की शाम बाइक से कमासिन जा रहा था दांदौ रोड के पास पीछे से आए तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। वह दूर तक घिसटता चला गया। चालक वाहन समेत फरार हो गया।
कानपुर ले जाते समय बिंदकी के पास दिनेश की मौत हो गई। भाई अवधेश ने बताया कि दिनेश दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करता था। 15 दिन पहले घर आया था। मृतक अविवाहित था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दूसरी घटना में मध्य प्रदेश जनपद के सरबई थाना क्षेत्र के हरवंशपुर गांव निवासी सुशील (18) शुक्रवार की सुबह बाइक से गिरवां थाना क्षेत्र के मुरवां गांव अपनी बहन रन्नों के घर आया था।
यहां अपने भांजे बिहारी (15) के साथ बाइक से गिरवां जाते समय रास्ते में ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। सीएचसी से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
लोडर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
ट्रैक्टर से टकराकर मामा-भांजे घायल