अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। परियोजना निदेशक आरपी मिश्रा ने बीडीओ बड़ोखर शैलेश कुमार को जारी पत्र में कहा है कि ऑनलाइन प्रगति की स्थिति बेहद असंतोषजनक है। जिले में निर्मित 8878 प्रधानमंत्री आवासों में अभी तक 2212 में मस्टर रोल निर्गत किए गए हैं।
बड़ोखर ब्लाक में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां 1465 में 551 के मस्टर रोल अभी निर्गत होने हैं। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। इस पर बीडीओ ने पटल सहायक गुलाम मुस्तफा को कठोर चेतावनी जारी करते हुए सप्ताह भर में शेष मस्टर रोल निर्गत कराने के निर्देश दिए हैं।
उधर, मनरेगा उपायुक्त विकास मिश्रा ने बड़ोखर खुर्द ब्लाक के लेखा सहायक को कार्रवाई की चेतावनी दी है। खंड विकास अधिकारी के माध्यम से भेजी नोटिस में कहा है कि मनरेगा के सात रजिस्टरों के निरीक्षण में पता चला कि लेखा सहायक ने वर्क रजिस्टर कार्यों के प्रिंट आउट मनरेगा वेबसाइट से निकालकर संबंधित सचिवों व रोजगार सेवकों को नहीं उपलब्ध कराए।
नतीजतन सभी सात रजिस्टर अभी अधूरे हैं या बने ही नहीं हैं। जबकि जल्द ही जांच के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय (भारत सरकार) की टीम आने वाली है। उन्होंने लेखा सहायक से दो दिन के अंदर रजिस्टर तैयार कराने को कहा है। 13 तक कार्य पूरा नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पटल व लेखा सहायक को चेतावनी