इलाहाबाद बैंक ब्रांच का उद्घाटन करते मंडल प्रमुख श्यामसुंदर गुप्ता व अन्य अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इलाहाबाद बैंक ने शिविर आयोजित कर 204 लोगों को स्वरोजगार के लिए 3.90 करोड़ के कर्ज बांटे। साथ ही शिशु श्रेणी के 108 लाभार्थियों को 50 लाख और किशोर श्रेणी के 73 लाभार्थियों को 1.51 करोड़ रुपये के ऋण बांटे गए। तरुण श्रेणी के नौ लाभार्थियों के बीच 41 लाख रुपये वितरित हुए। उधर, अलीगंज में बैंक ने अपनी नई शाखा शुरू की है। इसे आधुनिकतम सुविधाओं से लैस होने का दावा किया है।
शिविर में सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ने बैंक अधिकारियों से कहा कि जन-धन योजना में शून्य बैलेंस से खाते खोलें। 330 रुपये वार्षिक प्रीमियम वाली जीवन ज्योति बीमा पालिसी और 12 रुपये वार्षिक किस्त वाली बीमा का प्रचार और प्रसार बढ़ाने को कहा है। डीएम योगेश कुमार, सीडीओ रामकुमार सिंह, नाबार्ड के भोला प्रसाद सिंह, इलाहाबाद बैंक के मंडल प्रमुख श्यामसुंदर गुप्ता, एलडीएम जेके ढींगरा इत्यादि शामिल रहे। उधर, अलीगंज में नई ब्रांच का उद्घाटन मंडल प्रमुख श्याम सुंदर गुप्ता ने किया। यह मंडल की 26वीं शाखा बताई गई है। नवीन सुसज्जित एवं पूर्णत: कंप्यूटरीकृत होने का दावा किया।