बांदा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की बैक पेपर की परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। जिले के 53 महाविद्यालयों का परीक्षा केंद्र पंडित जेएन डिग्री कॉलेज बनाया गया है। यहां 1539 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। पहले दिन दोनों पालियों में 28 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
सोमवार को कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। पहले दिन कक्षों में रोशनी का इंतजाम न होने से परीक्षार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अंधेरे की वजह से परीक्षार्थी प्रश्नपत्र के उत्तर हल करने में जूझते रहे। पहली पारी सुबह 9 से 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रही।
पहले दिन पहली पारी में पंजीकृत 116 में 110 परीक्षार्थियों परीक्षा दी। छह ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दूसरी पाली में पंजीकृत 456 में 434 ने परीक्षा दी। 22 ने परीक्षा छोड़ दी। आंतरिक सचल दल ने दोनों पालियों में चेकिंग की। कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए नहीं पाया गया।