बांदा। विधानसभा चुनाव में प्रमुख राजनीतिक दलों के संकल्प/वचन और प्रतिज्ञा पत्रों ने पावर कारपोरेशन (बिजली विभाग) को फिलहाल मुसीबत में डाल दिया है। इन दलों ने अपनी सरकार बनने पर बिजली बिल माफ या हाफ (आधा) कर दिए जाने की लुभावनी घोषणाएं कीं तो
चित्रकूटधाम मंडल में बड़ी तादाद में उपभोक्ताओं ने बिजली के बिल अदा करने में हाथ खींच लिए हैं। उन्हें शायद नई सरकार का इंतजार है। ऐसे में मंडल के उपभोक्ताओं पर बकाया पड़ा लगभग 25 अरब रुपये फिलहाल पावर कारपोरेशन वसूल नहीं पा रहा है।
यूपी पावर कारपोरेशन की आर्थिक तंगहाली और घाटे की परवाह किए बिना वोटरों को रिझाने की होड़ में जुटे भाजपा, सपा और कांग्रेस दलों ने अपने चुनावी घोषणा/संकल्प/वचन पत्रों में अपनी सरकार बनने पर बिजली के बिल माफ या हाफ कर देने के वादे किए हैं।
हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं कहा है कि बिल माफी का मानक क्या होगा? सिर्फ मौजूदा बिल माफ होंगे या पुराना बकाया भी? घोषणाएं भले ही पूरी तरह अमल में न आ सके पर चित्रकूटधाम मंडल के उपभोक्ताओं ने बिजली बिल अदायगी से हाथ खींचना शुरू कर दिया है।
मंडल के चारों जिलों में घरेलू, व्यवसायिक और ट्यूबवेल उपभोक्ताओं पर 2500 करोड़ से ज्यादा की बकायेदारी है। सबसे ज्यादा बकाया चित्रकूट और हमीरपुर जनपदों में है। दोनों जिलों में लगभग 730-730 करोड़ रुपये बकाया है। मंडल में बिजली बिल बकाया के बारे मेें विभागीय मुख्य अभियंता बसंत कुमार झा ने चुनाव का हवाला देकर कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। विभागीय हित में बकाए के आंकड़े भी नहीं बता सके। कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे।
बिजली उपभोक्ताओं पर बकायेदारी और कनेक्शनधारकों की संख्या
बांदा : कुल बकाया- 571 करोड़। कनेक्शन- 3,20,892 । ट्यूबवेल कनेक्शन- 12,681 । घरेलू कनेक्शन- 2.89 लाख। कामर्शियल कनेक्शन- 13,142 । कारखाने कनेक्शन- 2,017 ।
चित्रकूट : कुल बकाया- 730 करोड़। कनेक्शन- 2,17,272 । ट्यूबवेल कनेक्शन- 10,061 । घरेलू कनेक्शन- 1.94 लाख। कामर्शियल कनेक्शन- 9,200 । कारखाने कनेक्शन- 1500 ।
हमीरपुर : कुल बकाया- 730 करोड़। कनेक्शन- 2,44,000 । ट्यूबवेल कनेक्शन- 13,700 । घरेलू कनेक्शन- 2.14 लाख। कामर्शियल कनेक्शन- 11,600 । कारखाने कनेक्शन- 1250 ।
महोबा : कुल बकाया- 471 करोड़। कनेक्शन- 1,56,000 । ट्यूबवेल कनेक्शन- 5000 । घरेलू कनेक्शन- 1.42 लाख। कामर्शियल कनेक्शन- 5800 । कारखाने कनेक्शन- 925 ।
चारों जिलों में बिजली विभाग की मासिक बिलिंग (अनुमानित)
बांदा : 20 करोड़ । हमीरपुर : 26 करोड़ । महोबा : 27 करोड़ । चित्रकूट : 18 करोड़ ।