बांदा। बालू खदान से मजदूरी करके लौट रहे मजदूरों से भरा आटो पलट गया। उस पर सवार एक मजदूर की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। टेंपो मालिक के विरुद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नहरी गांव के पांच मजदूर सीमावर्ती मध्य प्रदेश की चंदौरा बालू खदान में मजदूरी करने गए थे। बृहस्पतिवार को तड़के करीब 3 बजे वह एक आटो पर लौट रहे थे। नहरी गांव के कुछ पहले मोड़ पर तेज रफ्तार आटो पलट गया। गंभीर रूप से घायल हो गए रामराज (40) पुत्र राजू कहार की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
सुनील पुत्र रामराजा, दिनेश पुत्र मंगल, शंकर पुत्र छुट्टन और शिवलखन पुत्र रामबाबू घायल हो गए। यूपी-100 ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। यहां से दिनेश और शिवलखन को जिला अस्पताल भेज दिया गया। मृतक के पिता ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि नाती के पेट का इलाज करके वापस लौटते समय टेंपो पलटा। करतल चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आटो मालिक के विरुद्ध धारा 279/340 की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।