बांदा। अस्पतालों में ड्यूटी से नदारद रहने वाले डाक्टरों पर शिकंजा कसा जाएगा। मंडलीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने ऐसे चिकित्सकों का वेतन काटने और उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मयूर भवन सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान चित्रकूटधाम मंडल के कमिश्नर शरद कुमार सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं सहित आईजीआरएस, राष्ट्रीय पेयजल मिशन कार्यक्रम और बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण कराकर वहां डाक्टरों की उपस्थिति चेक कराने के निर्देश दिए। कहा कि जो भी डाक्टर अनुपस्थित मिलें, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। आईजीआरएस में चित्रकूट और हमीरपुर की प्रगति खराब पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय-समय पर जिला पंचायत के कार्यों का निरीक्षण कराएं। जिन सड़कों का पैसा मिल गया है, उनका निर्माण 30 नवंबर तक पूर्ण करा लिया जाए। जल संस्थान महाप्रबंधक को कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए शासन से धन मांगने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों का निर्माण पूर्ण कराने को कहा। इस दौरान डीएम बांदा दिव्य प्रकाश गिरि, हमीरपुर आरपी पांडेय, चित्रकूट विशाख जी अय्यर, जेडीसी प्रेमप्रकाश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।