बांदा। संदिग्ध लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आने का सिलसिला जारी है। शनिवार को 20 और लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई। पिछले 24 घंटे में 52 लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आई है। अब 20 और रिपोर्ट आना बाकी है। उधर, बाहर से आए करीब 20 पलायित मजदूरों का जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। उन्हें होम क्वारंटीन की सलाह दी गई है।
मेडिकल कालेज प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार यादव ने बताया कि पूर्व में पॉजिटिव पाए गए शिव गांव के 55 वर्षीय मरीज का पांचवां सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल को भेजे गए 20 नमूनों की जांच निगेटिव आई है। इसके पूर्व 32 संदिग्धों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। शुक्रवार को भेजे गए 20 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है। शनिवार को 14 और सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। इनमें कोटा (राजस्थान) से लौटे युवकों के भी नमूने शामिल हैं।
उधर, जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर में शनिवार को 20 पलायित मजदूरों का चेकअप हुआ। ये हैदराबाद, बैंगलोर, सीधी (एमपी) और कानपुर से यहां लौटे हैं। सीएमएस डा.एसएन मिश्रा ने बताया कि फ्लू ओपीडी व आईपीडी में शनिवार को 325 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 34 बुखार और 19 सर्दी-खांसी के मरीज पाए गए। उन्हें दवा देकर होम क्वारंटीन की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि रोजाना शासन को फ्लू रिपोर्ट भेजी जा रही है।
कोरोना योद्धाओं का सम्मान
बांदा। विश्व हिंदू परिषद ने कोरोना महामारी में निरंतर सेवा में लगे जिला चिकित्सालय के तैनात डा. विनीत सचान, डा. अभिषेक प्राणायाम सहित शहर के कई चौकी प्रभारियों को सम्मानित किया। विहिप जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन बेदी, जिला उपाध्यक्ष हर्षवर्धन गुप्ता, अरविंद त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष हर्षवर्धन आदि मौजूद रहे। उधर, जिला जन कल्याण महासमिति के केंद्रीय अध्यक्ष डा. जितेंद्र तिवारी ने स्वास्थ्य केंद्र आजाद नगर में आयोजित कार्यक्रम में मेडिकल आफिसर ऋतुंबर गौतम, प्रियंका देवी, सारिका राय, देव कुंवर को माला पहनाकर सम्मानित किया और कोरोना सेनानी सम्मान से नवाजा। जिला जन कल्याण महासमिति के केद्रीय अध्यक्ष डा. जितेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
पत्र वितरकों को दी राशन किट
नरैनी/ओरन। नगर पंचायत अध्यक्ष ओममणि वर्मा ने शनिवार को अपने आवास पर समाचार पत्र वितरकों को राशन किट वितरित की। अखबारों से ही हमें सटीक व विश्वनीय खबरें मिलती हैं। कहा कि लॉकडाउन के चलते समाचार पत्र वितरकों को समय से और हो सके तो एडवांस भुगतान कर उनका हौसला बढ़ाएं। मनोज, पप्पू, शंकर लाल, राजा आदि मौजूद रहे। उधर, ओरन कस्बे में व्यापारियों ने दूसरे दिन भी सौ राशन किट जरूरतमंदों को वितरित की। थाना प्रभारी प्रतिमा सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार, श्रीकांत शरण, कालका प्रसाद, श्याम सुंदर मूलचंद्र, शिवपूजन, आशीष आदि मौजूद रहे।