बांदा। शहर के कनवारा बाईपास पर रविवार रात पुलिस ने ई-रिक्शा पर लदी इफको डीएपी की 20 बोरियां पकड़ीं।
जांच में खाद रहुनिया खुटला गांव में संचालित न्यू वीआईपी किसान सेवा केंद्र के संचालक आदिब अली की निकली। उनके गोदाम से 170 बोरी यूरिया और कृभको डीएपी की 30 बोरियां भी मिलीं।
इस मामले में इफको डीएपी की बोरियों में नकली खाद होने की आशंका जताई गई है। कृषि विभाग ने सोमवार की सुबह गोदाम में पूरा स्टॉक सील कर तीनों प्रकार की खाद के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
पुलिस रविवार रात करीब 10 बजे गश्त कर रही थी। इसी दौरान कनवारा बाईपास पर पिकअप से ई-रिक्शा में खाद की बोरियां लादते देखा। पुलिस को देखकर पिकअप सवार मौके से भाग निकला। जांच करने पर ई-रिक्शा में इफको डीएपी की 20 बोरियां मिलीं। पुलिस की सूचना पर जिला कृषि अधिकारी संजय कुमार और नायब तहसीलदार जगदीश प्रसाद मौके पर पहुंचे।
जांच में पता चला कि खाद न्यू वीआईपी किसान सेवा केंद्र के संचालक आदिब अली ने मंगाई थी। आदिब ने मौके पर पहुंचकर इसकी पुष्टि की और पास में ही अपना गोदाम होने की जानकारी दी।
गोदाम की जांच में 170 बोरी यूरिया और कृभको डीएपी की 30 बोरियां भी मिलीं। मामला इफको डीएपी की आपूर्ति को लेकर संदिग्ध हो गया, क्योंकि इसकी बिक्री केवल सरकारी केंद्रों के माध्यम से होती है। मौके पर इसकी खरीद और आपूर्ति से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस पर कृषि अधिकारी ने गोदाम में रखे पूरे खाद स्टॉक को सील कर दिया। तीनों प्रकार की खाद के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
अधिकारियों को आशंका है कि इफको के नाम की बोरियों में नकली डीएपी हो सकती है। हालांकि खाद की वास्तविक गुणवत्ता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद जिला कृषि अधिकारी ने रहुनिया खुटला गांव में संचालित न्यू वीआईपी किसान सेवा केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। निलंबन आदेश विक्रेता को भेजा गया है, साथ ही किसी भी प्रकार के उर्वरक विक्रय न करने के आदेश दिए गए हैं।
-
वर्जन
पुलिस ने ई-रिक्शा पर लदी 20 बोरी इफको की डीएपी पकड़ी थी। जांच में वैध दस्तावेज नहीं मिलने से नकली होने की आशंका है। संबंधित विक्रेता का पूरा स्टॉक सील कर तीन नमूने लिए गए हैं। विक्रेता का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-संजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी।