बांदा/अतर्रा। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के प्रदेश स्तरीय ऑनलाइन लाइव ट्रायल में जनपद के 18 परीक्षा केंद्र फेल हो गए। विद्यालयों के इंटरनेट बंद मिले। डिप्टी सीएम की नाराजगी के बाद डीआईओएस ने इन केंद्रों के व्यवस्थापकों को नोटिस जारी कर दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।
18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्रों में सीसी कैमरा, वायस रिकार्डर व इंटरनेट आदि की व्यवस्थाएं की गईं हैं। शुक्रवार की शाम प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने लखनऊ से ही आनलाइन व्यवस्था का ट्रायल लिया। इसमें डेढ़ दर्जन केंद्र ट्रायल में फेल हो गए।
इनमें तथागत इंटर कालेज (अतर्रा), जनता इंटर कालेज (खुरहंड), दीनानाथ पांडे बालिका इंटर कालेज (बदौसा), मधुसूदन दास इंटर कालेज (जसपुरा), एसडी गर्ल्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (तिंदवारी), सहयोग आश्रम इंटर कालेज (डिघवट), गुलशने फातिमा इंटर कालेज (सादीमदनपुर), आदर्श किसान इंटर कालेज (भभुआ), राजकीय बालिका इंटर कालेज (कमासिन), जय भारत इंटर कालेज (मुरवल), सहोदिया देवी इंटर कालेज (खटौरा), महर्षि विद्यापीठ व एसएस बालिका इंटर कालेज (बबेरू), जीआईसी (तिंदवारा), सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कालेज (बांदा) शामिल हैं।
इक्का-दुक्का को छोड़कर इन सभी केंद्रों के इंटरनेट बंद मिले। डिप्टी सीएम की नाराजगी के बाद डीआईओएस विनोद कुमार ने इन सभी केंद्रों के व्यवस्थापकों को नोटिस जारी कर दो दिन में कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं। डीआईओएस ने बताया कि संतोषजनक उत्तर न मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।