बांदा। कोरोना से बचाव के लिए सभी ट्रेनों का संचालन 31 मार्च तक बंद होने के बाद रेल प्रशासन ने रिजर्वेशन टिकट कैंसिल करने के लिए यहां स्टेशन में काउंटर खोला है। दो दिनों में विभिन श्रेणियों के 1581 आरक्षित टिकट कैंसिल किए गए हैं। यह यात्री अपना किराया 21 जून तक वापस ले सकेंगे।
रेलवे वाणिज्य निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि बांदा से गुजरने वाली इलाहाबाद-मुंबई तुलसी एक्सप्रेस के 36 टिकट, मानिकपुर-निजामुददीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के 30, कानपुर-दुर्ग बेतवा एक्सप्रेस के 29, ग्वालियर-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस के 27, इलाहाबार-मथुरा वीरागंना एक्सप्रेस के 17, लखनऊ-जबलपुर चित्रकूट एक्सप्रेस के 16, जबलपुर-निजामुददीन महाकौशल एक्सप्रेस के 22, वाराणसी-ग्वालियर बुंदेलखंड एक्सप्रेस के 17 रिजर्वेशन टिकट रद्द किए गए हैं। इसके अलावा अन्य रेलवे स्टेशनों से बैठने के लिए यहां से कराए गए 1387 टिकट भी कैंसिल किए गए हैं।
उधर, रोडवेज बसों का संचालन भी 25 मार्च तक बंद रहेगा। एआरएम परमानंद ने बताया कि एमएसटी यात्रियों को 22 से 25 मार्च तक का किराया वापस किया जाएगा।
पेंशन अदालत स्थगित
बांदा। 26 मार्च को मयूर भवन सभागार आयुक्त कैंप कार्यालय में होने वाली मंडलीय पेंशन अदालत स्थगित कर दी गई है। अपर निदेशक (कोषागार एवं पेंशन) ने बताया कि कोरोना के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। उधर, अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने बताया कि जनगणना 2021 के प्रथम चरण के फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 2 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।