फो चुनाव में जागरुकता नहीं बरती तो गलत व्यक्ति निर्वाचित हो सकता है। जनप्रतिनिधि ही जनपद प्रदेश और देश का भविष्य तय करते हैं। इसलिए जरूरी है कि मतदान जोरदार हो। 90 फीसदी लक्ष्य पूरा हो।
सोमवार को नरैनी के ब्लाक सभागार में यह बात डीएम हीरालाल ने ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, आशा, सफाई कर्मी और महिला समूहों की सदस्यों की बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों में बांदा जनपद देश और प्रदेश की अपेक्षा मतदान में पीछे रहा है। चुनाव के दिन ज्यादातर मतदाता छुट्टी मना लेते हैं। मतदान में दिलचस्पी नहीं लेते। नतीजे में गलत जनप्रतिनिधि चुन जाते हैं।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि इसे गंभीरता से समझें। निर्वाचन आयोग ने 85 फीसदी मतदान का लक्ष्य रखा है, लेकिन बांदा के मतदाता इससे बढ़कर 90 प्लस मतदान करके अपने जिले के नाम को शोहरत दिलाएंगे। डीएम ने कर्मचारियों से सवाल-जवाब भी किए।
कई ग्राम प्रधानों को माला पहनाकर सम्मानित किया। कहा कि चुनाव में जो अच्छा काम करेगा उसे सम्मानित किया जाएगा। डीपीआरओ संजय यादव ने कहा कि 90 फीसदी से अधिक मतदान के लक्ष्य को लेकर बांदा की शोहरत पूरे प्रदेश में है।
तहसीलदार सुरेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन एडीओ रमेशचंद्र कुशवाहा ने किया। दयाराम रैकवार और विजेता अनुरागी ने गीत पेश किए।