चित्रकूट। लोकसभा चुनाव के प्रथम, द्वितीय चरण के लिए अन्य जिलों से होने वाले चुनाव के लिए जिले से मंंंगलवार को पुलिस फोर्स रवाना हुई। जिले के 13 दरोगा समेत कुल 150 पुलिसकर्मी मेरठ समेत अन्य जिलों के लिए गए हैं। ऐसे में अब जिले के थाने व चौकियों में सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स कम पड़ गई है।
जिले में कुल 1200 पुलिसकर्मियों में 150 पुलिसकर्मी चुनाव डयूटी पर चले गए हैं। ऐेसे में अब हर थाना व चौकी में पुलिसकॢमयों की संख्या कम हो गई है जिससे सुरक्षा के लिए शेष पुलिसकर्मियों पर ज्यादा जिम्मेदारी आ गई है। एसपी अरूण कुमार सिंह ने डयूटी पर जाने वाले पुलिसकर्मियों को सावधानी के कई टिप्स बताये। खासकर डयूटी के दौरान खानपान का विशेष ध्यान रखें। पानी व फलों का सेवन समय समय पर करते रहें। समय से डयूटी पर पहुंचे। गर्मी से बचने के लिए साफी का प्रयोग कर सकते हैं।
मंगलवार को अपर एसपी चक्रपाणि त्रिपाठी ने सभी पुलिसकर्मियों की तीन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पूर्व अपर एसपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान मतदाताओं से विनम्रता पूर्वक व्यवहार करें। लोकतंत्र के इस महापर्व में सब योगदान करें। इस मौके सदर सीओ राजकमल, मऊ सीओ जय करन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक शिवनारायण आदि मौजूद रहे।