बांदा। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में पारदर्शिता व अनियमितता रोकने के लिए शासन ने कई साफ्टवेयर ईजाद किए हैं लेकिन जानकारी न होने के कारण इस पर अमल नहीं हो पा रहा है। इसके लिए पंचायतीराज विभाग के मंडल व जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। शासन ने इसके लिए श्रीट्रान इंडिया कंपनी नामित किया है। यह प्रशिक्षण लखनऊ में 7 जून से होगा।
शासन 14वें वित्त और चतुर्थ राज्य वित्त की करोड़ों रुपये की धनराशि ग्राम पंचायतों के कायाकल्प को हर साल आवंटित करती है। शासन व मंडल व जिला स्तर पर बड़े स्तर पर शिकायतें आती हैं। ग्राम पंचायतों मे खुली बैठक कराकर पूरे साल की कार्ययोजना तैयार की जानी है। इसे पंचायतीराज विभाग के साफ्टवेयर ‘प्लान प्लस’ पर अपलोड किया जाना है। अब शासन ने ‘ई-गवर्नेंस इनीशिएटिव’ साफ्टवेयर शुरू किया है लेकिन जानकारी के अभाव में इन हाईटेक नियमों का अनुपालन नहीं हो पा रहा है। वित्तीय वर्ष के करीब तीन माह बीत गए अभी तक कार्ययोजना अपलोड नहीं हो सकीं। शासन ने पंचायतीराज विभाग के जिला से लेकर राज्य स्तर तक के अधिकारियों को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है। प्रशिक्षण के लिए श्रीट्रान इंडिया लिमिटेड कंपनी को नामित किया है। यह लखनऊ के एक होटल में 7 व 8 जून को अधिकारियों को आउटडोर एक्सपीरियंस शेयरिंग व ई-गवर्नेंस साफ्टवेयर का प्रशिक्षण देगी। प्रशिक्षण में मंडलीय उप निदेशक चित्रकूटधाम मंडल दिनेश कुमार सिंह सहित चारों जिलों के जिला पंचायत राज अधिकारी शामिल होंगे।
======
स्वराज अभियान की चौपाल 15 से
बांदा। स्वराज अभियान के तहत चयनित ग्राम पंचायतों में 15 जून तक विशेष चौपाल अभियान चलेगा। जिलाधिकरी ने ग्रामवार नोडल अधिकारी नामित किए हैं। ये ब्लाक व ग्राम स्तरीय कर्मचारियों के साथ शाम 6 से रात 10 बजे तक चौपाल में हाजिर रहेंगे। जिलाधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि ने मुख्यमंत्री के निर्देश का हवाला देते हुए मुख्यविकास अधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि नोडल अधिकारी संबंधित विकास खंड से समन्वय स्थापित कर चयनित ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाएंगे। चौपाल में ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, सफाई कर्मी, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी, अध्यापक व लेखपाल अनिवार्य रूप से शामिल रहेंगे। सभी बीडीओ और एडीओ (पंचायत) पर चौपाल की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी रहेगी। जिन चौपालों में सांसद व विधायक प्रतिभाग करेंगे उनमें सभी जिला स्तरीय अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। डीएम ने कहा कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। ब्यूरो
ृृृृृृृृ===========
संगोष्ठी में पर्यावरण जागरूकता पर जोर
बांदा। महोखर स्थित दृष्टि बाधित बालक इंटर कॉलेज में सोमवार को ब्रेल विज्ञान व पर्यावरण क्लब के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम में ब्रेल क्लब संस्थापक व समन्वयक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2018 की पर्यावरण दिवस की मेजाबानी भारत को सौंपी है। यह हमारे लिए गौरवशाली है। प्रधानाचार्य लक्ष्मी शंकर जायसवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर से जिम्मेदारी के रूप में इसे निभाना होगा। रामभरोसा, प्रवक्ता सुरेशचंद्र, कुशल सिंह यादव, जितेंद्र कुमार, प्रीतम राज, विवेक वर्मा, विद्या देवी, दिनेश,प्रमोद कुमार, केशवपाल, हीरालाल, रामू, राकेश इत्यादि मौजूद रहे। ब्यूरो
=======
रामायण व कीर्तन समापन पर कन्याभोज
बांदा। बुंदेलखंड युवा विकास जन सेवा संस्थान व नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में गंछा गांव के बीच का पुरवा में कन्या भोज का आयोजन किया गया। ‘भारत समर इंटरशिप’ कार्यक्रम के तहत यहां देवी मंदिर में मरम्मत का काम किया जा रहा था। समापन पर सोमवार को रामायण पाठ व भंडारा हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्थान के राजबहादुर यादव, सतानंद यादव, बुद्ध विलास यादव, सुरिजपाल यादव, रजत, निर्मल, नरेंद्र बाबू, सदाशिव इत्यादि रहे। संचालन रामभवन यादव ने किया। उधर, भूरागढ़ में राजेंद्र गौतम की तरफ से अखंड कीर्तन व कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसमें गांव व आसपास की सैकड़ों कन्याओं व भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कीर्तन मंडली में रामरतन, तोताराम, शिवबरन, बबलू व राजकुमार ने गायन, ढोलक, नाल में संगत की। व्यवस्था में केशव प्रसाद, चुन्नूलाल, आशीष, रोहित, जीतू, तेज प्रकाश इत्यादि रहे। ब्यूरो
======
8 मजरों में नहीं हुआ विद्युतीकरण
बांदा। स्योहट (कमासिन) गांव के ग्रामीणों ने विद्युतीकरण की मांग लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि मैका डेरा, जगजीत डेरा, राजाभइया का डेरा, शंभू यादव का डेरा, छत्रपाल का डेरा, भूपत पुरवा, पन्ना पुरवा, शिवबालक का पुरवा, रमई यादव का डेरा, बल्ली प्रजापति का डेरा इत्यादि में बिजली नहीं पहुंची। राकेश, सूरज बली, राजाभइया, रामप्रसाद, गया प्रसाद, रामचंद्र, प्रह्लाद, अवधेश, उदयभान इत्यादि मौजूद रहे। ब्यूरो
=====
खुली बैठक में मंजूरी बिना कार्य योजना अवैध
बांदा। मंडलीय उप निदेशक (पंचायत) ने ग्राम स्वराज अभियान के तहत चयनित महुआ विकास खंड के बनसखा ग्राम पंचायत में चौपाल लगाई। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की कोई भी कार्य योजना यदि बिना खुली बैठक के पास की जाती या बैठक नियमानुसार नहीं की जाती तो वह पूरी तरह अवैध मानी जाएगी। विकास कार्यों में खर्च की गई धनराशि प्रधान व सचिवों से मय ब्याज के वसूली जाएगी। उप निदेशक निदेश कुमार सिंह ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। कहा कि सचिव व प्रधान ग्राम पंचायतों की बैठक करें तथा कार्ययोजना को नियोजन समिति में रखें। इसके बाद ग्रामीणों की सहमति से कार्ययोजना को मंजूरी दें। ब्यूरो
विकास कार्यों की पड़ताल के लिए प्रशिक्षण कल से
उप निदेशक व डीपीआरओ लखनऊ में लेंगे प्रशिक्षण
शासन ने श्रीट्रान इंडिया कंपनी को किया नामित
अमर उजाला ब्यूरो