140 plates stolen from Bundelkhand Expressway recovered, seven arrested
- फोटो : BANDA
बांदा। निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से चोरी गईं 140 लोहे की प्लेटों के साथ बिसंडा थाना पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। ये ट्रक में माल लादकर ले जा रहे थे। एक्सप्रेस-वे में इनका इस्तेमाल शटरिंग में किया जाता था। पकड़े गए चोरों के तार अंतरजनपदीय गिरोह से जुड़े हुए हैं। उधर, बदौसा थाना पुलिस ने भी घर से जेवर चोरी के मामले में युवती और युवक को गिरफ्तार किया है।
बिसंडा थाना पुलिस ने बताया कि एक बाइक और नौ मोबाइल भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में राहुल नामदेव व राजेश गुप्ता (किदवई, महोबा), शिवम व रामकिशोर गुप्ता (गायत्री नगर, बांदा), आशिक अहमद (नरैच, हमीरपुर), उमाकांत पटेल (बड़ागांव, बांदा) व दीपक प्रजापति (ददरिया, बांदा) शामिल हैं। क्षेत्राधिकारी बबेरू सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि सभी के काम बंटे थे। कुछ सामान लादते थे तो कुछ कबाड़ी और ट्रांसपोर्टेशन का काम संभाले थे। पुलिस लाइंस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की।
उधर, बदौसा थाना पुलिस ने शुक्रवार को चोरी में हड़हा रोड निवासी विनीत गुप्ता और कच्ची गली निवासी कुमारी निशा श्रीवास को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि 13 अप्रैल की रात कच्ची गली निवासी विष्णु कुमार के घर चोरी हुई थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रेमिका के संग मिलकर उसने चोरी की घटना अंजाम दी।