बांदा। चित्रकूटधाम मंडल को जल्द जनरथ एसी बस सुविधा मिलेंगी। शासन ने दो जनरथ समेत 10 बसों की स्वीकृति प्रदान कर दी है। उम्मीद है कि मार्च माह में बसे उपलब्ध हो जाएगी। बसों को चित्रकूट से दिल्ली चलाया जाएगा।
चित्रकूटधाम मंडल के चार सैकड़ा से अधिक बसों के बेड़े में अभी एक भी जनरथ एसी बस नहीं है। पिछले दिनों सांसद भैरो प्रसाद ने एमडी व क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर चित्रकूट से दिल्ली व लखनऊ के लिए एसी बस चलाए जाने की मांग की थी। सोमवार को लखनऊ में हुई निगम के एमडी की समीक्षा बैठक में चित्रकूटधाम मंडल को दो एसी समेत दस बसों की हरी झंडी मिल गई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव अग्रवाल ने बताया कि एमडी ने प्रथम चरण में दो जनरथ समेत आठ बसों की स्वीकृति प्रदान की है। यह बसें मार्च में उपलब्ध हो जाएंगी। इन्हें धार्मिक नगरी चित्रकूट से दिल्ली चलाया जाएगा। अन्य बसों में दो-दो बसें बांदा, महोबा, हमीरपुर व राठ डिपो को उपलब्ध कराई जाएंगी। बस संचालन उन्हीं मार्गो में किया जाएगा जहां पर पहले से कोई बस संचालन नहीं हो रहा है।
शासन ने मार्च से रोडवेज बस चालकों व परिचालकों को ड्यूटी के दौरान वर्दी अनिवार्य कर दी है। आरएम ने बताया कि सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह मार्च से वर्दी न पहनने वाले चालक व परिचालक के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाएं। बताया कि मंडल में 70 फीसदी बसों में चालक व परिचालक वर्दी में चल रहे हैं।