बांदा। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद नकद राशि लेकर चलने वालों की चल रही चेकिंग में 24 घंटे के अंदर पुलिस ने दो अलग-अलग कारों से 13 लाख रुपये बरामद किए हैं। संबंधित लोगों से इसके बारे में अभिलेखीय साक्ष्य मांग कर जांच की जा रही है।
गुरुवार की रात बांदा-बहराइच स्टेट हाईवे पर स्थित कोतवाली देहात के नजदीक वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजरी बोलेरो को रोककर चेक किया तो इसमें 8 लाख रुपये नकदी निकली। बोलेरो सवार इंदिरा नगर निवासी दुर्गेश का कहना था कि उसने जमीन बेची थी। उसी का पैसा लेकर आ रहा था। इंस्पेक्टर बृजेश यादव ने बताया कि इस दावे की जांच की जा रही है।
पैसा फिलहाल सरकारी खजाने में जमा किया जाएगा। संतोषजनक अभिलेख और साक्ष्य प्रस्तुत करने पर कैश वापस कर दिया जाएगा। इसके पूर्व बुधवार की रात बबेरू में अतर्रा रोड पर सेक्टर मजिस्ट्रेट डा.लाखन सिंह के नेतृत्व में फ्लाइंग स्क्वॉड द्वारा की जा रही चेकिंग में कार की तलाशी लिए जाने पर 5 लाख 13 हजार रुपये कैश बरामद हुए।
कार सवार पहाड़ी (चित्रकूट) निवासी रामसागर का कहना था कि 25 जनवरी को बेटी की शादी है। बबेरू से रिश्तेदारों से पैसा लेकर वापस जा रहा था। फ्लाइंग स्क्वॉड पैसा जमा करके जांच कर रहा है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व शहर के गूलरनाका निवासी व्यवसायी वसीम से बबेरू के अतर्रा रोड में ही चेकिंग के दौरान 2.20 लाख रुपये बरामद हुए थे। इन्हें कोषागार में जमा कराया गया है। व्यवसायी का कहना था कि वह उधारी वसूलकर आ रहा था।