हमीरपुर-महोबा-तिंदवारी लोकसभा सीट के लिए 29 अप्रैल (सोमवार) को मतदान होगा। प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 90 प्लस मतदान को लेकर महिला और पुरुष टीमें लोगों के घर जा-जाकर पीले चावल देने का काम कर रहीं हैं।
प्रत्याशियों ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। शनिवार की शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। रविवार (28 अप्रैल) को मंडी समिति परिसर (तिंदवारी रोड) से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी।
उधर, मतदान के लिए आए बाहरी फोर्स और अर्द्धसैनिक बलों को शुक्रवार को पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक एलबीके पाल ने ब्रीफिंग की।
तिंदवारी विधान सभा क्षेत्र के मतदान में 12 थानाध्यक्ष, 75 उप निरीक्षक, 163 हेड कांस्टेबल, 712 कांस्टेबल, 1044 होमगार्ड, दो कंपनी पीएसी, पांच कंपनी पैरामिलेट्री फोर्स और चार-चार जोनल मजिस्ट्रेट व जोनल पुुलिस अधिकारी आदि लगाए गए। प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) हरिश्चंद्र वर्मा कहते हैं कि मतदान से ड्यूटी कटवाने के लिए लोग ही रोज आते हैं। कुछ सही होते हैं, कुछ बहानेबाज। बीमारी आदि बताने वालों को मेडिकल बोर्ड के पास भेजा जा रहा है। बोर्ड की रिपोर्ट व चुनाव प्रेक्षक (सामान्य) बख्तावर सिंह के आदेश के बाद उनको कार्यमुक्त किया जाएगा। ब्यूरो