अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस साल 47,630 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिछले साल की अपेक्षा इस बार परीक्षार्थियों की संख्या घट गई है। उधर, डीआईओएस ने माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आनलाइन निर्धारित किए गए परीक्षा केंद्रों के संबंध में 20 नवंबर तक आपत्तियां मांगी हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा में इस साल हाईस्कूल में 27003 और इंटर मीडिएट में 20,626 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिछले हाईस्कूल व इंटर में 48,263 परीक्षार्थी थे। इस साल 633 परीक्षार्थियों की संख्या बोर्ड परीक्षा में कम रहेगी। छह फरवरी से बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही हैं। हाईस्कूल परीक्षा 22 फरवरी तक और इंटर की 10 मार्च तक परीक्षा चलेंगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्रों का ऑनलाइन निर्धारण कर दिया है।
डीआईओएस ने 20 नवंबर तक आपत्तियां मांगी हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक हिफजुर्रहमान ने बताया कि निर्धारित किए गए यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची एनआईसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। सभी विद्यालयों की ई-मेल आईडी पर भी भेजी गई है। प्रधानाचार्य अपनी ई-मेल आईडी से डाउन लोड कर सकते हैं। वे यह सुनिश्चित हों ले कि उनके यहां पर कक्षा 12 व 10 में पंजीकृत सभी छात्र-छात्राओं का आवंटन कर दिया गया है या नहीं। ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों की सूची डीआईओएस कार्यालय पर भी चस्पा की गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के संबंध में किसी को कोई आपत्ति व परेशानी हो तो जिला स्तरीय समिति के समक्ष निराकरण के लिए कारण सहित 20 नवंबर तक प्रेषित कर सकता है।
-इस साल 47,630 परीक्षार्थी देंगे बोर्ड एक्जाम
-बोर्ड ने किया ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों का निर्धारण
-डीआईओएस ने कॉलेजों से 20 तक मांगी आपत्तियां