बांदा। आयुक्त के निर्देश पर चित्रकूटधाम मंडल की सभी ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक व पॉलिथीन मुक्त अभियान चलाया गया। ग्रामीणों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने श्रमदान कर गांव की सफाई की। प्लास्टिक व पॉलिथीन को इकट्ठा कर प्लास्टिक बैंक में जमा किया। प्लास्टिक बैंक में एक किलो प्लास्टिक व पॉलिथीन जमा करने वाले ग्रामीणों को 10 रुपये दिए जाएंगे।
रविवार को अभियान चलाकर शाम तक मंडल में 18 क्विंटल प्लास्टिक व पॉलिथीन इकट्ठा की गई। उप निदेशक पंचायत दिनेश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी ने बड़ोखर विकास खंड के महोखर गांव में साफ-सफाई कर अभियान का शुरूआत की। उप निदेशक पंचायत ने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। गांवों को पॉलिथीन मुक्त करने के लिए जल्द प्लास्टिक बैंक में एक किलो प्लास्टिक व पॉलिथीन जमा करने वाले ग्रामीणों को 10 रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए योजना बनाई गई है।
डीपीआरओ ने कहा कि प्लास्टिक व पॉलिथीन को बैंक में जमा करें, इससे जो आमदनी होगी उसे गांव के ही विकास में खर्च किया जाएगा। एडीपीआरओ रमेश चंद्र गुप्ता ने नरैनी ब्लॉक के बरछा में ग्रामीणों के साथ श्रमदान किया। तिंदवारी के वासिलपुर गांव में प्रधान राजकिशोर, पिपरगवां में प्रधान आशा देवी, खम्हौरा में दिनेश कुमार के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। महुआ ब्लॉक के बहरी में अमर सिंह, बडेआ स्योढ़ा में प्रधान प्रदीप द्विवेदी ने ग्रामीणों के सहयोग से गलियों की सफाई की। सभी ने पॉलिथीन व प्लास्टिक का प्रयोग न करने व अभियान को निरंतर चलाने संकल्प लिया। सचिव वीरेंद्र कुमार मौजूद रहे। नरैनी के बरकोला कला में प्लास्टिक मुक्त अभियान चला। बीडीओ प्रदीप कुमार ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।