बलरामपुर। ग्रामीण विकास को गति देने और पंचायतों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए जिले की 47 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की नियुक्ति की जाएगी। शासन से दिशा-निर्देश प्राप्त होने के बाद प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। लंबे समय से रिक्त पड़े इन पदों के भरने से पंचायतों का संचालन बेहतर होगा और साथ ही युवाओं को गांव में ही रोजगार मिल सकेगा।
ग्राम पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के संचालन, डाटा एंट्री, लाभार्थी सूची तैयार करने, अभिलेखों के रखरखाव और अन्य तकनीकी कार्यों में पंचायत सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इन पदों के रिक्त रहने से कार्यों में देरी हो रही थी, लेकिन अब इन पदों के भरने से कामकाज में गति आएगी और योजनाएं समय पर लागू हो सकेंगी। इससे गांव में महिलाओं और श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों में भी तेजी आएगी। इस भर्ती प्रक्रिया में केवल वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जो संबंधित ग्राम पंचायत के मूल निवासी होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलेगी और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत में सूचना चस्पा की जाएगी और आवेदन ग्राम पंचायत कार्यालय में लिए जाएंगे।
चयन समिति करेगी चयन
ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत अधिकारी और खंड विकास अधिकारी की एक संयुक्त समिति मेरिट के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेगी। चयन के बाद पंचायत सहायक पंचायत भवन में बैठकर निर्धारित कार्यों को संपन्न कराएंगे।
योजनाओं के क्रियान्वयन में आएगी तेजी
पंचायत सहायकों की नियुक्ति से ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली और योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी। चयन पूरी तरह पारदर्शी होगा और स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
श्रेया उपाध्याय, डीपीआरओ