बलरामपुर। पारा गिरने से जिले में कड़ाके की ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बुधवार को अधिकतम 12 डिग्री व न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस तापमान होने से गलन बढ़ गई है। सर्द हवाओं के चलने से दोपहर बाद मौसम साफ हुआ लेकिन धूप के बाद भी ठंड का कहर कम नहीं हुआ। ठंड लगने से हरैया थाना क्षेत्र के एक युवक की जान चली गई है। सुबह घना कोहरा होने के चलते सड़कों पर आवागमन में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड के चलते गरीबों व बेसहारों को प्रशासन के मदद की दरकार है।
हरैया थाना क्षेत्र के भुजेहरा गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि फखरुद्दीन ने बुधवार को बताया कि शिव नरायन (22) पुत्र राम जियावन बीते 22 दिसंबर को मजदूरी करके घर पहुंचा। कड़ाके की ठंड के चलते शिव नरायन की तबियत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर शिव नरायन को हरैया बाजार के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। निजी अस्पताल के डॉक्टर ने शिव नरायन को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल के डॉक्टर ने भी हालत गंभीर होने पर शिव नरायन को इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में इलाज के दौरान बुधवार की सुबह शिव नरायन की मौत हो गई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने मामले की सूचना तुलसीपुर एसडीएम को दी। तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने मौके पर राजस्व निरीक्षक राम सागर को भेजा है। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि उन्होंने मौके पर जाकर रिपोर्ट तैयार की और उसे शीघ्र ही एसडीएम को सौंप देंगे। एसडीएम ने बताया कि राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कड़ाके की ठंड के चलते जिले में लोगों का हाल बेहाल है। तहसीलदार तुलसीपुर कृष्ण गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि वार्ड संख्या 11 में गरीबों व बेसहारों को कंबल बांटा गया है। इस अवसर पर पूर्व सभासद बनारसीलाल मोदनवाल, भाजपा युवा नेता हर्षिल खंडेलवाल, रजनीश खंडेलवाल, सूरज मोदनवाल व कुन्नू कश्यप आदि मौजूद रहे।
रेहरा बाजार में रेंजर मोहम्मद इकबाल ने मां भद्रकाली चौक, पीएचसी, ब्लॉक कार्यालय, हनुमानगढ़ी व मदरसा आदि स्थानों पर अलाव जलवाया और वन दरोगा सुभाष यादव, इबरार व प्रभात कुमार को नियमित लकड़ी उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी। एडीएम वित्त एवं राजस्व / कार्यपालक जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल ने बताया कि जिले के कई क्षेत्रों में कंबल वितरण शुरू हो गया है। गरीबों व बेसहारों को कंबल बांटा जा रहा है। नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के चौराहों व सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाए जा रहे है।