महराजगंज तराई। थाना क्षेत्र के रमनगरा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की पंजाब के लुधियाना में छत से गिरने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता शिवराम ने बताया कि उनका पुत्र संतोष रोजी-रोटी की तलाश में लुधियाना में मजदूरी करता था। रविवार रात किसी कारणवश वह छत से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना सोमवार को परिवार तक पहुंची, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि संतोष के बड़े भाई का निधन कोरोना काल में हो चुका था। अब संतोष की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संतोष अपने पीछे पत्नी और आठ माह की एक बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।