रेहराबाजार। बाबागंज मार्ग पर कुशमौरा गांव के पास शुक्रवार देर रात घने कोहरे में वाहन की टक्कर से बाइक सवार श्याम नारायन वर्मा उर्फ किशन (25) की मौत हो गई। बाइक पर सवार चचेरे भाई को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से भाग निकला।
प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि श्याम नारायन वर्मा उर्फ किशन (25) निवासी ग्राम अचलपुररूप, थाना रेहराबाजार शुक्रवार रात लगभग 10 बजे बाइक से चचेरे भाई रवींद्र वर्मा उर्फ भोला को बाबागंज लेने गया था। दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। घने कोहरे में सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया।
चिकित्सक डॉ. रविकांत ने बताया कि श्याम नारायन वर्मा की अस्पताल लाने से पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि घायल रवींद्र का इलाज हो रहा है। हेलमेट न पहने होने से बाइक चालक के सिर में गंभीर चोट लगी थी। हादसे के बाद मृतक के गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है, परिजनों से तहरीर नहीं मिला है।
डी-फार्मा का है विद्यार्थी
मृतक श्याम नरायन वर्मा मेधावी विद्यार्थी था। गोंडा के एक कॉलेज से डी-फार्मा की पढ़ाई कर रहे थे। गांव के प्रधान प्रतिनिधि सुरेश वर्मा ने बताया कि गांव के लोगों को युवक से काफी उम्मीदें थीं। परिवार में उसके पिता रामदेव बेटे की मौत से सदमे में हैं। भाई दीपनरायन वर्मा और राम नरायरन वर्मा बड़े हैं। परिवार में सबसे छोटे बेटे थे, प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि अभी उनकी शादी नहीं हुई थी। गांव में हादसे के बाद कोहराम मचा है।